n NBT न्यूज, बल्लभगढ़: आईएमटी फरीदाबाद में बढ़ते बिजली लोड और उद्योगों को हो रही दिक्कतों के समाधान के लिए अब ठोस कदम उठाए जाएंगे। इसको लेकर आईएमटी इंडस्ट्रीज असोसिएशन फरीदाबाद के प्रधान प्रमोद राणा ने पंचकूला स्थित एचएसआईआईडीसी मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान आईएमटी में प्रस्तावित नए 33/11 केवी सब स्टेशनों और उनकी कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि औपचारिकताओं को जल्द पूरा कर काम में तेजी लाई जाएगी, जिससे उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके। प्रधान प्रमोद राणा ने कहा कि आईएमटी फरीदाबाद प्रदेश का प्रमुख औद्योगिक हब है, इसलिए यहां मजबूत बिजली और आधारभूत ढांचा जरूरी है। उन्होंने कहा कि असोसिएशन लगातार विभागों के साथ समन्वय बनाकर उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास कर रही है।


