n NBT रिपोर्ट, बिलासपुर
दिल्ली-जयपुर हाइवे पर बिलासपुर थाना एरिया में डेल्हीवरी लिमिटेड लॉजिस्टिक कंपनी के हब से लाखों रुपये कीमत के 10 आईफोन चोरी हो गए। कंपनी के इंटरनल ऑडिट में इसका खुलासा होने के बाद पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लॉजिस्टिक कंपनी के कंसल्टेंट रिटायर्ड एसीपी अभय सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी कंपनी देशभर में ई-कॉमर्स कंपनियों के पार्सल डिलिवर करती है। सितंबर और अक्टूबर 2025 के दौरान कंपनी के पथरेड़ी स्थित इंडिया-1 हब में मोबाइल फोन के पार्सल प्राप्त हुए थे। इसके बाद जब कंपनी के कर्मचारी रविंदर कुमार ने 8 अक्टूबर से 13 दिसंबर 2025 के बीच स्टॉक का ऑडिट किया, तो 10 कीमती मोबाइल गायब मिले। जांच में पता चला कि अज्ञात लोगों ने इन महंगे आईफोन को चोरी कर लिया। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। चोरी हुए सभी फोन के आईएमईआई नंबरों को तुरंत साइबर सेल मानेसर से सर्विलांस और ट्रैकिंग पर लगाया। तकनीकी जांच में यह साफ हो गया कि सभी मोबाइल फोन कंपनी के हब से चोरी हुए हैं। बिलासपुर थाना पुलिस ने नया केस दर्ज किया है।


