n NBT रिपोर्ट, सोहना
इलाके के वॉर्ड-20 की बंद कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में घुस 50 साल की महिला पर जानलेवा हमला कर लूट का मामला आया है। बदमाश ने महिला के सिर पर लोहे के कंटीले हथियार से कई वार किए और महिला के मोबाइल सहित चांदी की जूलरी और नकदी ले फरार हो गया।सोहना शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बंद कॉलोनी में रहने वाली ऊषा ने बताया कि उनके पति का देहांत हो चुका है, वे अकेली रहती हैं और सोसायटी में खाना बनाने का काम करती हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 12:30 बजे ऊषा गुड़गांव कोर्ट में अपने वकील से मिलकर घर लौटी थीं। मेन गेट का ताला खोलकर अंदर आईं, तो घात लगाए बैठे युवक ने उन्हें पकड़ लिया और जान से मारने की धमकी दे घर में रखी जूलरी सौंपने को कहा।
जब ऊषा ने जूलरी देने से मना किया, तो आरोपी ने हाथ में लिए लोहे के कांटेदार हथियार से उनके सिर पर तीन-चार बार वार किया। सिर से खून बहने पर जब उन्होंने शोर मचाया, तो आरोपी उनका मोबाइल, चांदी की पाजेब और नकदी छीन मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने ऊषा को सोहना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
वारदात की सूचना मिलते ही फव्वारा चौक चौकी प्रभारी सब-इंस्पेक्टर सतीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर फिंगरप्रिंट टीम, डॉग स्क्वॉड और सीन ऑफ क्राइम की टीमों को बुलाया गया।
टीमों ने बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और डिजिटल सबूत तैयार किए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरु कर दी गई है


