nNBT न्यूज़, बाराबंकीः तहसील हैदरगढ़ में शनिवार को हुए संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ईशान प्रताप सिंह ने सामने आईं 236 लोगों की समस्याओं में से 11 का मौके पर समाधान किया। पूरे जिले के समाधान दिवस में 561 मामले पहुंचे।
सतरही गांव के बाबूलाल ने कई गुना बिजली का बिल आने की शिकायत की जिसपर डीएम ने अधिशाषी अभियंता को तलब कर उपयोग के अनुसार बिजली बिल जारी करने का आदेश दिया। शुकुलपुर गांव के सुरेश कुमार सिंह ने तीन माह पहले ओमान देश में हुई बेटे की मौत के बाद पीएम रिपोर्ट एवं नौकरी से संबंधित कंपनी से सहायता नहीं मिलने की शिकायत की। भठिया सिद्धौर के किशोर कुमार ने वर्ष 2006 में पिता जगतपाल के लापता होने पर अब तक मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिलने की बात कही। हैदरगढ़ के ठाकुर द्वारा वार्ड की हबीबुलनिशा ने वृद्धा पेंशन की मांग की। डीएम ने एसडीएम राजेश विश्वकर्मा एवं समाज कल्याण अधिकारी को पेंशन दिलाने के आदेश दिए। इस दौरान तहसील बार अध्यक्ष अचल कुमार मिश्र की अगुवाई में वकीलों ने डीएम से मिलकर समस्याएं रखी। भाजपा नेताओं ने बांदा-बहराइच मार्ग के चौड़ीकरण में बरती जा रही लापरवाही की शिकायत की।


