n NBT रिपोर्ट, नोएडा : शहर में 13 अप्रैल को हुए श्रमिकों के प्रदर्शन के मामले में मजदूर बिगुल व एक अन्य संस्था के अलग-अलग फेसबुक पेजों के एडमिन के खिलाफ साइबर थाने में दो केस दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि इनके जरिये श्रमिक आंदोलन को लेकर नोएडा पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भ्रामक, झूठी और अपमानजनक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल की जा रही हैं। इससे पुलिस की छवि खराब करने की कोशिश की गई। इनमें से एक फेसबुक पेज को बंद करा दिया गया है। नोएडा में श्रमिकों के प्रदर्शन के बीच मजदूर बिगुल के नाम से फेसबुक पेज तेजी से एक्टिव हुआ। उस पर नोएडा प्रदर्शन से जुड़े कई पोस्ट लगातार सामने आए। पुलिस ने रुपेश रॉय, मनीशा चौहान, आकृति चौधरी, रुपेश रॉय, सत्यम वर्मा और अन्य लोगों को हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया तो पेज पर कैंपेन शुरू किया गया। पुलिस का आरोप है कि इन पोस्टों में यह भी दावा किया गया कि कुछ लोगों को अवैध तरीके से उठाया गया और हिरासत में प्रताड़ित किया गया। जांच में ये आरोप पूरी तरह निराधार मिले हैं।


