दो कपड़ा फैक्ट्रियों में भड़की आग

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा के सेक्टर-63 में दो कपड़ा फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। दमकल की 16 गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई। गोदाम में रखे कपड़ों के कारण आग तेजी से फैली। दोनों फैक्ट्रियों के कर्मचारी सुरक्षित बाहर निकल आए।

noida massive fire in two textile factories in sector 63 crores in damages

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर-63 में शनिवार दोपहर दो कपड़ा फैक्ट्रियों में अचानक भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की 16 गाड़ियां एक-एक कर मौके पर पहुंची। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि दोपहर करीब 1:45 बजे एक फैक्ट्री के भूतल पर बने सेटबैक एरिया से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि कंपनी में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में हुए शॉर्ट सर्किट से यह हादसा हुआ। इसी हिस्से में कंपनी का जनरेटर और गोदाम भी मौजूद था। गोदाम में कपड़े और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण लपटों ने तुरंत जोर पकड़ लिया और बगल में स्थित दूसरी कपड़ा फैक्ट्री को भी अपनी जद में ले लिया। कपड़ों के बड़े स्टॉक की वजह से दोनों ही परिसरों में आग बेहद तेजी से फैलती चली गई और आसमान में काले धुएं का गुबार दो किमी दूर से ही साफ नजर आने लगा। घटना के दौरान दोनों कंपनियों के कर्मचारी परिसर में काम कर रहे थे। राहत की बात है कि धुआं उठता देख कर्मचारी और स्टाफ मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सुरक्षित बाहर निकल आए। इस वजह से एक बड़ा हादसा होने से टल गया और किसी के भी भीतर फंसे होने या हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि, इस अग्निकांड में दोनों फैक्ट्रियों के भीतर रखा करोड़ों रुपये का माल और मशीनें जलकर खाक होने का अनुमान है। 8 पेज 3