400 परिवारों को भगवान भरोसे छोड़कर मेंटिनेंस एजेंसी फरार

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा के सेक्टर 118 की सुपरटेक द रोमानो सोसायटी में मेंटिनेंस एजेंसी वाईजी एस्टेट अचानक फरार हो गई। एजेंसी ने 14 मई से काम बंद कर दिया। इससे 400 परिवार पानी, बिजली और लिफ्ट जैसी सुविधाओं से वंचित हैं। बुजुर्गों और बच्चों को सीढ़ियां चढ़नी पड़ रही हैं। निवासियों ने एजेंसी के मालिकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

supertech the romano maintenance agency absconds 400 families distressed without water electricity and lifts

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

सेक्टर 118 की सुपरटेक द रोमानो सोसायटी में बिल्डर की तरफ से मेंटिनेंस के लिए हायर की गई एजेंसी 400 परिवार को पानी-बिजली और लिफ्ट की परेशानी के बीच छोड़कर फरार हो गई। मेंटिनेंस एजेंसी वाईजी एस्टेट ने बिना किसी को सूचना दिए 14 मई से सोसायटी का काम छोड़ दिया। इससे महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी दिक्कत हुई। निवासियों ने एजेंसी के तीन मालिकों के खिलाफ सेक्टर 113 थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यहां के निवासी लोकेंद्र सिंह राठौर ने पुलिस को बताया कि वाईजी एस्टेट एजेंसी के मालिक नितिश अरोड़ा, अरुण चौहान और हरीश शर्मा हैं। यह एजेंसी नियमित रूप से मेंटिनेंस चार्ज वसूल रही थी, लेकिन अचानक पूरे सिस्टम को बंद कर गायब हो गई। जाने से पहले एजेंसी ने निवासियों को हैंडओवर, रेकॉर्ड, अकाउंट या संचालन की जिम्मेदारी भी नहीं सौंपी। ऊंची इमारतों में रहने वाले बुजुर्ग, मरीज और छोटे बच्चों वाले परिवार सीढ़ियां चढ़ने को मजबूर हैं। इसके अलावा बिजली सपोर्ट, कॉमन एरिया की सुविधाएं और पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। एजेंसी ने सिक्यॉरिटी गार्ड भी हटा लिए हैं। इससे सोसायटी में चोरी का डर बढ़ गया है। निवासियों ने आरोप लगाया कि एजेंसी करोड़ों रुपये वसूलने के बाद भी चली गई।