nNBT न्यूज, लखनऊ : गोलागंज में सातवीं के एक छात्र ने शनिवार देर शाम फांसी लगा ली। आरोप है कि फीस बकाया होने पर स्कूल प्रशासन ने उसे परीक्षा देने से रोक दिया था। इससे दुखी होकर उनसे जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। वजीरगंज थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
मकबरा रोड गोलागंज के निवासी जितेंद्र साहू हजरतगंज स्थित एक निजी कंपनी में कलेक्शन एजेंट हैं। उनका 14 साल का बेटा तुषार नाका, शास्त्रीनगर स्थित निजी स्कूल में सातवीं का छात्र था। जितेंद्र ने बताया कि वह तुषार की दो माह की फीस जमा नहीं कर पाए थे। जितेंद्र के मुताबिक इस कारण स्कूल प्रशासन ने तुषार को परीक्षा में बैठने नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने तीन महीने की फीस जमा कर दी थी, लेकिन इस घटना से तुषार डिप्रेशन में आ गया था और एक सप्ताह से स्कूल नहीं जा रहा था।


