n NBT न्यूज, लखनऊ: ठाकुरगंज में पथरी के ऑपरेशन के बाद घर पहुंची महिला को खून की उल्टी होने लगी। फिर अस्पताल ले जाने पर महिला की मौत हो गई। आरोप है कि विरोध पर अस्पताल प्रशासन ने परिवारीजनों को बंधक बना लिया और जांच रिपोर्ट तक नहीं दी। पुलिस के पहुंचने पर उन्हें छोड़ा गया। पति ने अस्पताल मालिक व चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए रविवार को रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
श्रीप्रकाश चौक स्टेडियम में माली हैं। वह पत्नी मंजू गौतम के साथ चौक में रहते हैं। पीड़ित के मुताबिक पेट में दर्द होने पर उन्होंने पत्नी को ठाकुरगंज इलाके में मां कामाख्या हॉस्पिटल में दिखाया था। एमआरआई जांच में मंजू के पेट में पथरी की पुष्टि हुई। दूरबीन विधि से चिकित्सकों ने 5 मई को पथरी निकालने का दावा किया। चिकित्सकों ने ऑपरेशन के लिए 2 लाख रुपये लिए। इसके बाद फिर पेट दर्द होने पर डॉक्टरों ने मंजू का दोबारा ऑपरेशन किया और 15 मई को घर भेज दिया। खून की उल्टियां होने पर शनिवार को पत्नी को फिर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने किसी को मंजू से िमलने नहीं दिया। हंगामा करने पर बताया कि मंजू की मौत हो गई है। थाना प्रभारी ओमवीर सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच सीएमओ ऑफिस को ट्रांसफर की गई है। वहीं, सीएमओ ऑफिस के निर्सिंग होम के नोडल अधिकारी डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि शिकायत का संज्ञान लेकर जांच कमिटी बनाई जाएगी।


