nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : गोमतीनगर के विनीतखंड में रविवार सुबह पति के घर छोड़कर चले जाने से नाराज महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई और कूदने की धमकी देने लगी। करीब पांच घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस और दमकल कर्मियों ने महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया।
इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी के मुताबिक, अयोध्या निवासी प्रीति ने लखीमपुर निवासी अनुराग से प्रेम विवाह किया था। करीब एक सप्ताह पहले दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद अनुराग बिना बताए घर छोड़कर चला गया। कई बार संपर्क की कोशिश के बावजूद उसने फोन रिसीव नहीं किया। इससे नाराज प्रीति रविवार सुबह विनीतखंड-5 स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गई। सूचना पर पुलिस, महिला पुलिसकर्मी और फायर स्टेशन अधिकारी सुशील यादव टीम समेत पहुंचे। पुलिस ने महिला को खाना-पानी उपलब्ध कराया और पति अनुराग को बुलाया। अनुराग के साथ रहने का आश्वासन देने पर महिला शांत हुई। बाद में पुलिस ने दोनों की काउंसलिंग कराकर घर भेज दिया।


