ऐप में रकम जमा, मेसेज में बकाया

नवभारतटाइम्स.कॉम

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को नई दिक्कतें आ रही हैं। ऐप में पैसे जमा होने के बावजूद अचानक बैलेंस माइनस में जाने के मैसेज मिल रहे हैं। इससे लोग परेशान हैं और बार-बार ऐप चेक कर रहे हैं। उपभोक्ताओं की मांग है कि पावर कॉरपोरेशन स्मार्ट मीटर सिस्टम की तकनीकी खामियों को जल्द दूर करे।

smart meter app shows deposit message shows dues increased trouble for electricity consumers

n NBT न्यूज, लखनऊ

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को अब नई दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इन दिनों बिजली विभाग की ओर से भेजे जा रहे मेसेज उन्हें परेशान कर रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि उनके स्मार्ट मीटर ऐप में अडवांस राशि जमा दिखाई दे रही है। इसके बावजूद अचानक बैलंस माइनस में जाने का मेसेज मोबाइल पर मिल रहा है। इससे उपभोक्ताओं को बार-बार ऐप चेक करना पड़ रहा है और लेसा कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि पावर कॉरपोरेशन को स्मार्ट मीटर सिस्टम की तकनीकी खामियों को जल्द दूर कर सही जानकारी उपलब्ध करवानी चाहिए।

एकाएक अकाउंट माइनस में चला गया : मड़ियांव के हरिओम नगर निवासी फारुख जहां (बिल अकाउंट नंबर- 3412010000) 2 किलोवॉट के घरेलू उपभोक्ता हैं। उनका बिल अमाउंट 650 रुपये प्लस में था। 13 मई को मेसेज आया कि 1,568 रुपये की धनराशि मानइस में है। तबसे वह परेशान हैं कि एकाएक इतनी रकम माइनस में कैसे चली गई। यह आशंका भी सता रही है कि कहीं उनकी बिजली न कट जाए।

रकम जमा करते ही माइनस का मेसेज : भेड़ी मंडी लाल कुआं निवासी मोहम्मद साइना (बिल अकाउंटर नंबर- 9391860000) 4 किलोवॉट के घरेलू उपभोक्ता हैं। इनकी शिकायत है कि 13 अप्रैल को 3 हजार रुपये जाम करे मीटर को रिचार्ज करवाया, जबकि 30 अप्रैल को मेसेज आया कि बिल माइनस में है। खदरा निवासी एके शर्मा बिल (अकाउंट नंबर- 2173890759) 3 किलोवॉट के घरेलू उपभोक्ता हैं। 17 अप्रैल को 4 हजार रुपये के बकाया बिल पर 6 हजार रुपये ऑनलाइन भुगतान करके मीटर रिचार्ज किया। उसी दिन मेसेज आया कि बिल माइनस में है।