n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : नैशनल हेल्थ मिशन (NHM) में तैनात संविदा कर्मचारियों को मार्च से वेतन नहीं मिला है। इसे लेकर कर्मचारी संघों ने जिलों में सांकेतिक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं। रविवार को कर्मचारी संघों ने बैठक कर वेतन न मिलने पर विरोध प्रदर्शन तेज करने और कार्य बहिष्कार की चेतावनी दी।
संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के महामंत्री योगेश कुमार उपाध्याय के अनुसार वेतन भुगतान के लिए दबाव बनाने को 18 मई के बाद आंदोलन तेज होगा। जिलों में भिक्षा मांगने ( भिक्षाटन ) के साथ मशाल जुलूस और कैंडल जुलूस निकाले जाएंगे। इससे पहले 18 और 19 मई को जिलों के सीएमओ और जिलाधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया है। ज्ञापन देने के बाद 20 मई से संविदा कर्मचारी अफसरों के दफ्तरों में झाड़ू लगाकर विरोध दर्ज कराएंगे। उधर, उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मवचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह ने कहा कि 20 मई तक वेतन नहीं आया तो प्रदेशभर में कार्य बहिष्कार किया जाएगा। संघों का आरोप है कि पिछले 12 महीनों से कर्मचारियों को किसी भी महीने समय पर वेतन नहीं मिला। योगेश कुमार उपाध्याय ने वेतन-भत्तों समेत कर्मचारियों से जुड़ी मांगों पर 31 मई को राज्य स्तरीय अधिवेशन बुलाया है, जिसमें प्रदेशभर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।


