n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने रविवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक इस मुलाकात के दौरान सपा मुखिया ने उन्हें किसी धर्म विशेष या जाति विशेष पर कोई टिप्पणी न करने की सलाह दी है। हाल ही में सपा प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने ब्राह्मणों को लेकर विवादित बयान दिया था, जिसके बाद तमाम राजनीतिक दलों ने आलोचना की थी। बसपा सुप्रीमों मायावती ने बयान जारी करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से तत्काल माफी की मांग की थी। भाटी के बयान को लेकर देश के अलग-अलग हिस्सों में प्रदर्शन किए जा रहे थे। पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी के मुताबिक मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने सख्त रुख दिखाते हुए कहा है कि भविष्य में किसी भी तरह के विवादित बयान से बचें, जिससे पार्टी की छवि खराब होती है।
अखिलेश यादव ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया है कि वे सामाजिक सद्भाव का आचरण करें। अपनी भाषा और व्यवहार में संतुलन तथा संयम बरतें। ऐसी कोई बात न करें जिससे कोई अपने को अपमानित या आहत महसूस करे। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र को बचाकर ही सामाजिक न्याय के राज की स्थापना की जा सकती है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी को एकजुट रहना होगा। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सामाजिक नीति में सबका सम्मान निहित है। पीडीए समाज सभी वर्गों-पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक के अलावा पीड़ित अगड़े-पिछड़े, आधी आबादी महिला को अपने से जोड़ती है। पीडीए सामाजिक न्याय की लड़ाई का भी प्रभावी माध्यम है।


