बिल्डर कंपनी की डायरेक्टर से 3.60 लाख रुपये ऐंठे

नवभारतटाइम्स.कॉम

दनकौर क्षेत्र में एक बिल्डर कंपनी की डायरेक्टर से लाखों की धोखाधड़ी हुई है। टाइल्स सप्लाई के नाम पर दुकानदार ने 3.60 लाख रुपये लिए। सामान नहीं भेजा और न ही पैसे लौटाए। पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

builder director duped of 360 lakhs shopkeeper cheats in name of tile supply threatens to kill

n NBT न्यूज, दनकौर

क्षेत्र में एक बिल्डर कंपनी की महिला डायरेक्टर से लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि टाइल्स सप्लाई के नाम पर दुकानदार ने 3.60 लाख रुपये लेने के बाद न तो सामान भेजा और न ही रकम लौटाई। पीड़ित की शिकायत पर दनकौर कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित सरिता शर्मा एक कंपनी की डायरेक्टर हैं और दनकौर क्षेत्र स्थित ग्रीनवे गोल्फ विजेल में रह रही हैं। उन्होंने शिकायत में बताया कि बिल्डर साइट पर लगाने के लिए दिल्ली से टाइल्स मंगवाई गई थीं। इसके लिए दिल्ली के शालीमार बाग निवासी दुकानदार मनीष गांधी से संपर्क किया गया था। सरिता शर्मा का आरोप है कि 3 से 9 मई के बीच आरोपी दुकानदार को बैंक के माध्यम से करीब 3.60 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। भुगतान मिलने के बाद भी आरोपी ने तय समय पर टाइल्स नहीं भेजीं। कई बार संपर्क करने पर आरोपी टालमटोल करता रहा। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। दनकौर कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी सोहनपाल सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।