n NBT न्यूज, नोएडा
दो दिन के भीतर दूसरी बार सीएनजी के दाम बढ़ने का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है। रविवार को सीएनजी एक रुपये प्रति किलो महंगी हो गई, जिसके बाद नोएडा और गाजियाबाद में इसकी कीमत 88.70 रुपये प्रति किलो पहुंच गई। इससे पहले 15 मई को भी सीएनजी के दाम दो रुपये बढ़ाए गए थे। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
ईंधन महंगा होने के बाद ऑटो चालकों ने किराए में पांच रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। आसपास के सेक्टरों और नजदीकी इलाकों के लिए न्यूनतम किराया 20 रुपये से बढ़ाकर 25 रुपये कर दिया गया है। वहीं, प्रति किलोमीटर किराया 10 रुपये से बढ़ाकर 15 रुपये तक लिया जा रहा है। किराया बढ़ने से रोजाना ऑटो से सफर करने वाले ऑफिसकर्मी, छात्र और आम यात्री सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच अब आने-जाने का खर्च बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं, ऑटो चालकों का कहना है कि सीएनजी, पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने से वाहन चलाने का खर्च काफी बढ़ गया है, इसलिए किराया बढ़ाना मजबूरी है।


