ड्यूटी मैजिस्ट्रेट मिल नहीं पा रहे, कैसे हटेगा सेक्टरों से अतिक्रमण

नवभारतटाइम्स.कॉम

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण का अतिक्रमण हटाओ महाअभियान ड्यूटी मैजिस्ट्रेट न मिलने से रुका है। यह अभियान अप्रैल के अंत में शुरू होना था, लेकिन प्रशासनिक कारणों से टल रहा है। अब तक केवल तीन सेक्टरों में कार्रवाई हुई है। सेक्टरवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। मैजिस्ट्रेट की ड्यूटी तय होते ही अभियान फिर से शुरू होगा।

ड्यूटी मैजिस्ट्रेट मिल नहीं पा रहे, कैसे हटेगा सेक्टरों से अतिक्रमण

n NBT न्यूज, गुड़गांव

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की ओर से सेक्टरों में चलाया जाने वाला अतिक्रमण हटाओ महाअभियान अब तक सिरे नहीं चढ़ पाया है। अप्रैल के अंतिम सप्ताह में शुरू होने वाला यह अभियान प्रशासनिक कारणों के चलते लगातार टल रहा है। अब तक केवल तीन सेक्टरों में ही तोड़फोड़ कार्रवाई की गई है। पिछले करीब एक सप्ताह से सेक्टरों में कोई तोड़फोड़ कार्रवाई नहीं हुई है। अतिक्रमण से परेशान सेक्टरवासियों में नाराजगी बढ़ रही है। एचएसवीपी ने शहर के 32 सेक्टरों में बड़े स्तर पर अवैध कब्जे हटाने की तैयारी की थी। इसके तहत अवैध कार शेड, रैंप, गार्ड रूम, फेंसिंग, एक्सटेंडेड दीवारें, पोर्टा केबिन और रोड के अधिकार क्षेत्र (राइट ऑफ वे) में किए गए कब्जों को हटाया जाना था। इसके लिए पांच टीमों का गठन कर मशीनरी, पुलिस बल और अन्य विभागों की व्यवस्था भी कर ली गई थी। हालांकि प्रशासनिक नियमों के अनुसार कार्रवाई के दौरान ड्यूटी मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी जरूरी होती है। समय पर मैजिस्ट्रेट उपलब्ध नहीं होने के कारण अभियान को रोकना पड़ता है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही मैजिस्ट्रेट की ड्यूटी तय होगी, कार्रवाई दोबारा शुरू कर दी जाएगी। यह अभियान पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चलाया जाना है।

इन जगहों पर होनी है कार्रवाई : HSVP के सर्किल टू के अंतर्गत आने वाले 32 सेक्टरों में यह तोड़फोड़ कार्रवाई होनी है। इनमें सेक्टर-27, 43, 31, 31ए, 24, 25ए, 39, 45, 28, 42, 51, 57, 49, 50, 38, 46, 40, 41, 52, 47, 55, 56, 52ए, 53, 54, 29, 32 और सेक्टर 44 में अतिक्रमण पर कार्रवाई की जानी है।