n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ( बसपा ) के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद को सक्रिय किए जाने की अटकलें तेज हैं।
सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर केंद्र सरकार को लेकर उनकी टिप्पणियों को वजह माना जा रहा है। लंबे समय से वह बसपा सुप्रीमो मायावती की पोस्ट रीपोस्ट करते थे, लेकिन पिछले सप्ताह नीट पेपर लीक और डीजल पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर दिखे। अगले साल यूपी में विधानसभा चुनाव हैं। बसपा सूत्रों के मुताबिक, चुनाव से पहले उन्हें युवा नेता के तौर पर प्रचार और जनसंपर्क अभियान में अहम भूमिका मिल सकती है। बसपा ने 2019 में उन्हें नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाया था। 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी सरकार पर आक्रामक बयानबाजी भारी पड़ी और उन्हें हटाया गया। माफी के बाद करीब एक महीने में वापसी हुई और फिर राष्ट्रीय संयोजक बने। अब पीएम नरेंद्र मोदी की अपील पर भी उन्होंने तीखा हमला बोला।


