n NBT न्यूज, लोनी : चारों तरफ खुदी सड़कें, सीवर, वैकल्पिक मार्गों पर पुलिया निमार्ण से बंद रास्ते और अतिक्रमण से लोनी के लोग परेशान हो रहे हें। एनबीटी ने इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। लोगों की परेशानी और पलूशन को देखकर प्रशासन हरकत में आया है। एसडीएम दीपक सिंधनवाल ने नगरपालिका, पीडब्ल्यूडी और जल निगम के अधिकारियों को मौके पर तलब कर काम की समीक्षा की। उन्होंने दिल्ली-सहारनपुर रोड पर सीवर खुदाई से लगे मिट्टी के ढेरों को ढकने के निर्देश दिए हैं। नसबंदी कॉलोनी से आगे जल निगम की ओर से रोड कटिंग से उड़ रही धूल को लेकर टैंकरों से पानी का छिड़काव करने को जल निगम के असिसटेंट इंजीनियर संजय कुमार को निर्देश दिए हैं। जल निगम के अधिकारी ने बताया कि पावी पुस्ता से बलराम नगर कॉलोनी तक 2800 मीटर सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसमें से 2500 मीटर कार्य पूरा हो चुका है। वहीं, दिल्ली-सहारनपुर मार्ग की दूसरी लेन पर काम शुरू हो गया है। एसडीएम ने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


