n NBT न्यूज, पलवल
अवैध हथियार सप्लाई करने वाली गैंग सरगना को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 12 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। क्राइम ब्रांच प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि चांदहट थाना क्षेत्र में अवैध हथियार सहित एक युवक अरेस्ट किया गया। अरेस्ट किए गए युवक ने बताया कि अवैध हथियार सप्लाई करने वाली गेंग के मुख्य आरोपी राहुल ने हथियार उपलब्ध करवाया था। राहुल का पुराना आपराधिक रेकाॅर्ड है और उस पर हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 12 गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। बीती सात मई को क्राइम ब्रांच ने किठवाड़ी-अलावलपुर रोड पर क्रिकेट ग्राउंड के पास गांव बढ़राम निवासी ओमकार को एक अवैध कट्टे और एक अवैध राइफल के साथ गिरफ्तार किया था। चांदहट थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज है। ओमकार के खिलाफ भी कई मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान ओमकार ने खुलासा किया था कि अवैध हथियार गांव मानपुर निवासी राहुल से खरीदे थे। हथियार सप्लाई करने की धारा को जोड़ा और राहुल की तलाश शुरू की। पुलिस ने पहले उसे नोटिस देकर जांच में शामिल होने को कहा था, लेकिन वह हाजिर नहीं हुआ तो गिरफ्तार किया गया।
अवैध हथियार के साथ पुलिस ने दबोचा
n NBT न्यूज, होडल : क्राइम ब्रांच टीम ने मुखबिर की सूचना पर अवैध हथियार के साथ एक युवक को काबू किया है। क्राइम ब्रांच होडल प्रभारी जगमिंदर सिंह के अनुसार रविवार की रात को टीम के सदस्य भगत सिंह अपनी टीम के साथ बहीन इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी युवक को काबू कर लिया। युवक ने पूछताछ में अपना नाम विष्णु निवासी नांगल जाट बताया। पुलिस टीम ने विष्णु की तलाशी ली तो उससे एक कट्टा बरामद किया। बरामद अवैध हथियार को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।


