n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
भूपानी थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब हत्या के एक आरोपी और क्राइम ब्रांच टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में युवक सचिन की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी इंदर त्यागी उर्फ पंडित की पुलिस ने भूपानी क्षेत्र में घेराबंदी की थी। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पर पहले से हत्या के प्रयास सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके कब्जे से 32 बोर की पिस्टल और एक बाइक बरामद की गई है। 21 वर्षीय इंदर त्यागी दिल्ली के मोलड़बंद इलाके का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह फरीदाबाद के लोकल हथौड़ा गैंग के संपर्क में था और अपना अलग गैंग बनाकर शहर में रंगदारी वसूलने की साजिश रच रहा था।
मामले में दो लोग पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार
बता दें कि 9 अप्रैल की देर रात दिल्ली-मथुरा हाइवे स्थित सेक्टर-37 के होटल के सामने असिस्टेंट मैनेजर मार्केटिंग सचिन की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। सचिन सूर्या विहार का निवासी था। उसका परिवार मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा का रहने वाला है। पिछले करीब 18-20 वर्षों से फरीदाबाद में रह रहे थे। इस मामले में पुलिस ने व्यास, सन्नी और इंदर त्यागी उर्फ पंडित के खिलाफ केस दर्ज किया था। सन्नी और व्यास को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। घटना वाली रात सचिन अपने दोस्त जीतू से मिलने सेक्टर-37 स्थित होटल गया था, जहां जीतू नौकरी करता है।
नया गैंग बनाने की चल रही थी तैयारी
एसीपी वरुण दहिया के अनुसार आरोपी इंदर त्यागी फरीदाबाद के स्थानीय गैंगों के संपर्क में था और नया गैंग खड़ा करने की योजना बना रहा था। उसका मकसद इलाके में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूलना था। घटना के बाद से क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग शहरों में छिपकर रह रहा था।

