nNBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : सूरदास कॉलोनी में सोमवार सुबह एक मकान में आग लग गई। घटना के समय परिवार घर पर मौजूद नहीं था। बताया जा रहा है कि परिवार सुबह करीब चार बजे मथुरा के लिए रवाना हुआ था। करीब छह बजे पड़ोसियों ने मकान से धुआं और आग की लपटें निकलती देखीं, जिसके बाद तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मकान बंद होने के कारण आग बुझाने में काफी दिक्कत आई। दमकल कर्मियों ने स्थिति को देखते हुए दीवार में छेद किया और पाइप के जरिए अंदर पानी पहुंचाकर आग पर काबू पाया। काफी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि घर में मंदिर में जल रहा दीया आग लगने का कारण बना हो सकता है। हालांकि दमकल विभाग मामले की जांच कर रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते आग की जानकारी नहीं मिलती तो आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंच सकता था।


