n NBT रिपोर्ट, नोएडा : सेक्टर-70 में रहने वाले एक शख्स ने बिल्डर और हाउसिंग फाइनैंस कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर फेज-3 थाने की पुलिस ने केस दर्ज किया है। आरोप है कि बिल्डर ने फर्जी एनओसी की मदद से पीड़ित को फ्लैट बेच दिया। बाद में आरटीआई से जानकारी लेने पर पता चला कि जिस जमीन पर टावर बना है, वह विवादित है और संबंधित खसरों पर प्राधिकरण की एनओसी नहीं थी। आरोप है कि बिल्डर ने फर्जी एनओसी दिखाकर फ्लैट बेचा। साथ ही फाइनैंस कंपनी के अधिकारियों ने भी बिना सही जांच के लोन जारी कर दिया। पीड़ित दीपक कुमार ने बताया कि उन्होंने 2017 में हरित टावर नाम की मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में तीसरी मंजिल पर एक फ्लैट खरीदा था। यह फ्लैट बिल्डर सौरभ राणा ने करीब 23.50 लाख रुपये में बेचा था। आरोप है कि दीपक ने अपनी जमा पूंजी से करीब 5.10 लाख रुपये दिए, बाकी 18.40 लाख रुपये लोन लेकर चुकाए थे। पीड़ित के मुताबिक, फ्लैट बेचते समय बिल्डर ने भरोसा दिलाया था कि जमीन और बिल्डिंग से जुड़े सभी दस्तावेज सही हैं और नोएडा प्राधिकरण से जरूरी एनओसी मिल चुकी हैं। इसी आधार पर फाइनैंस कंपनी ने भी कानूनी जांच के बाद लोन पास कर दिया। अब उन्होंने लोन की किस्त देना बंद कर दिया, उन्हें आशंका है कि भविष्य में उनसे फ्लैट छीन लिया जाएगा।


