n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद : शहर में दीवारों और बिजली के पोलों पर चस्पा किए जा रहे पोस्टरों को लेकर पार्षद नीरज गोयल ने नगर निगम प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने नगरायुक्त को पत्र लिखकर कहा कि शहर में समय-समय पर मेले, सर्कस और जादूगरों के शो आयोजित होते हैं। ऐसे में आयोजनकर्ता प्रचार के लिए सरकारी और निजी भवनों की दीवारों, डिवाइडरों और बिजली के पोलों पर बड़ी संख्या में पोस्टर चिपका देते हैं। कई जगह एक ही दीवार पर दर्जनों पोस्टर लगा दिए जाते हैं। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी ये पोस्टर लंबे समय तक नहीं हटाए जाते जिससे शहर की सुंदरता प्रभावित होती है और गंदगी फैलती है। पार्षद ने मांग की कि निगम ऐसे आयोजकों और प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे।


