n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने किराये की कारों का इस्तेमाल कर राहगीरों और कैब चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराये पर लग्जरी कार लेकर उनकी नंबर प्लेट हटाते और रात में एनसीआर की सड़कों पर घूमकर लोगों को लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करते थे। पुलिस ने इनके कब्जे से थार, वेन्यू कार, लूट और चोरी के 20 मोबाइल फोन, चार हजार रुपये, दो तमंचे और तीन चाकू बरामद किए हैं। सेंट्रल जोन के डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अलग-अलग एजेंसियों से कार किराये पर लेते थे। इसके बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा और एनसीआर क्षेत्र में रात के समय लोगों को लिफ्ट देकर सुनसान जगहों पर उनसे मारपीट कर मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लूट लेते। पुलिस के मुताबिक, 16 मई की सुबह करीब साढ़े तीन बजे आरोपियों ने एक कैब चालक को निशाना बनाया। तिलपता गांव निवासी आबिद अपनी कैब लेकर ईटा-1 क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान आरोपियों ने अपनी गाड़ी उसकी कैब के आगे लहराई। विरोध करने पर आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन, कार की चाबी व पांच हजार रुपये लूट लिए।
पुलिस ने जांच शुरू की और पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी अंकित सिंह (उन्नाव ), गुलावठी के दीपांशु और तरुण ठाकुर, गढ़ी शाहदरा निवासी संदीप भाटी ओर मोहित राजपूत हैं। डीसीपी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपी किराये की कार वापस कर देत। लूट से मिले पैसे मौज-मस्ती में खर्च करते थे।


