n NBT रिपोर्ट, गाजियाबाद
बरसात से पहले जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नगर निगम ने शहरभर में नाला सफाई अभियान तेज कर दिया है। नगर निगम अपने संसाधनों और मशीनों की मदद से बड़े और छोटे नालों की सफाई करा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नालों से निकलने वाली सिल्ट को उसी दिन उठाया जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो। नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग की ओर से पांचों जोन में अभियान चलाया जा रहा है। बड़े नालों की सफाई के लिए बड़ी पोकलेन और जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं जबकि छोटे नालों की सफाई छोटी मशीनों से कराई जा रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि मोहन नगर जोन में शालीमार गार्डन, गणेशपुरी, कुटी रोड, जवाहर पार्क और पसौंडा क्षेत्र में सफाई का काम चल रहा है। सिटी जोन में केला भट्टा, नंदग्राम मेन रोड, पंचवटी और राकेश मार्ग के नालों की सफाई कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर निगम ज्यादातर नालों की सफाई अपने संसाधनों से कर रहा है। इससे नगर निगम लगभग चार करोड़ रुपये की हर साल बचत करेगा।


