n NBT न्यूज, फरीदाबाद : नगर निगम मुख्यालय पर सोमवार को मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने लोगों की शिकायतें सुनने के लिए समाधान शिविर लगाया। शिविर में 60 शिकायतें आई, जिनका समाधान करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। तोड़फोड़ व अतिक्रमण से संबंधित काफी शिकायतें आई। लोगों ने कहा कि अतिक्रमण करने वालों पर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। लोग निगम मुख्यालय के चक्कर काटते रहते हैं। इसके साथ ही प्रॉपर्टी आईडी न बनने से परेशान लोग भी शिविर में पहुंचे।
दयालबाग ब्लॉक बी में रहने वाले मनीष ने बताया कि उनके सहित लगभग 15 लोगों ने बिल्डर से एक बिल्डिंग में फ्लैट खरीदे थे। फ्लैट बेचने के दौरान बिल्डर ने पार्किंग के बारे में भी जानकारी दी, लेकिन जब सभी फ्लैट बिक गए तो बिल्डर ने पार्किंग की जगह में भी फ्लैट बनवा दिए। इससे लोगों के पास गाड़ियां खड़ा करने के लिए जगह नहीं है। बिल्डर से बात करने पर उनकी तरफ से इस बारे में कोई जवाब नहीं दिया। लोगों ने कहा कि इस बारे में एसडीओ को भी शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन कुछ नहीं हुआ। मेयर ने एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा से इस बारे में पूछा, तो उन्होंने बिल्डर को नोटिस देने की बात कही। इस पर मेयर ने गुस्सा जाहिर करते हुए कहा कि पहले भी दो मीटिंग में केवल नोटिस के बारे में ही बताया गया है, जबकि अब तक कार्रवाई हो जानी चाहिए।


