n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-74 और 76 के क्रॉस जंक्शन के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने एक वकील के गले से सोने की चेन लूट ली और फरार हो गए। घटना पुलिस बूथ के पास हुई, जिससे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित की शिकायत पर थाना सेक्टर-113 पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-61 निवासी हिमांशु डिमरी ने बताया कि वह पेशे से वकील हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 मई की तड़के वह सेक्टर-74 और 76 के चौराहे के पास मौजूद थे। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो युवकों ने उनके गले से करीब 20 से 30 ग्राम की सोने की चेन झपट ली। वारदात के समय बाइक पर पीछे बैठा युवक सफेद शर्ट पहने था। चेन लूटने के बाद दोनों आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक बदमाश बाईं ओर मुड़े या अगले चौराहे की तरफ भागे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जांच अधिकारी की ओर से उन्हें संतोषजनक मदद नहीं मिली। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बूथ के पास इस तरह की घटना होना चिंता की बात है।


