n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
बिजली विभाग के एक फोरमैन की बड़ी लापरवाही के कारण खंभे पर काम कर रहा एक सहायक लाइनमैन करंट की चपेट में आ गया। वह बुरी तरह झुलस गया और नीचे गिर गया। उसे इलाज के लिए पटौदी के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घायल के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मूलरूप से रेवाड़ी के गांव ढाकिया निवासी नफे सिंह (34) ने पुलिस को बताया कि वह दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) में सहायक लाइनमैन है। फिलहाल उसकी ड्यूटी लोकरा गांव में है। 22 मई को सुबह 10:30 बजे उसे सूचना मिली कि ठाकराना ढाणी में लगे 25 केवी (KV) ट्रांसफार्मर का एसटी फ्यूज उड़ा हुआ है। नफे सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी और फोरमैन बालमुकुंद को फोन कर परमिट प्लेट बंद करने को कहा। फोरमैन बालमुकुंद ने फोन पर आश्वासन दिया कि उसने भोकरका एपी फीडर पर प्लेट लगा दी है और वह काम शुरू कर सकता है। फोरमैन की बात पर भरोसा करके नफे सिंह ट्रांसफार्मर पर चढ़ गया। उसने जैसे ही एक फ्यूज लगाने के बाद दूसरा फ्यूज लगाना शुरू किया, तभी फोरमैन ने बिना कोई सूचना दिए पीछे से लाइन चालू कर दी। लाइन चालू होते ही नफे सिंह के बाएं हाथ में जोरदार करंट लगा और वह जमीन पर आ गिरा। मौके पर मौजूद लीलाराम ने तुरंत निजी गाड़ी का इंतजाम किया और घायल को पटौदी के डब्ल्यूआरवाई राजीव अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर के मुताबिक, करंट लगने और ऊंचाई से गिरने के कारण नफे सिंह को शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद वह बयान देने की स्थिति में नहीं था, लेकिन अगले दिन होश आने पर पुलिस ने उसके बयान दर्ज किए। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी।


