n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
जिमखाना क्लब खाली करने के निर्देश के बाद यहां कार्यरत करीब 600 कर्मचारियों को अपनी नौकरी जाने की चिंता सता रही है। 5 जून तक परिसर खाली करने का निर्देश केंद्र सरकार ने दिया है। जिम खाना क्लब में कई ऐसे कर्मचारी हैं, जो पिछले कुछ दशकों से यहां काम कर रहे हैं। कुछ प्रतिष्ठित संस्थानों में भी काम कर चुके हैं और यहां अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब उन्हें अपनी आजीविका खोने का डर सता रहा है।
जिमखाना कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष नंदन सिंह नेगी के अनुसार केंद्र के नोटिस के बारे में कर्मचारियों को शनिवार को ही सूचित कर दिया गया था। हमें कल ही इस बारे में बताया गया। कर्मचारी रात भर मुझे फोन करके पूछते रहे कि उनका क्या होगा और वे कहां जाएंगे? क्लब में 35 वर्षों से अधिक समय से कार्यरत रामेश्वर के अनुसार इस आदेश ने कर्मचारियों को इस बात की चिंता में डाल दिया है कि वे अपने परिवारों का भरण-पोषण कैसे करेंगे। हममें से कई लोगों यहां तीन दशक से भी अधिक समय से काम कर रहे हैं, जबकि अन्य 10 से 15 साल से काम कर रहे हैं। हमें नहीं पता कि अब हम अपने परिवारों का भरण-पोषण कैसे करेंगे।


