भारत धर्मनिरपेक्ष, पर्यावरण के मुद्दे को दूसरा रंग न दें: HC

नवभारतटाइम्स.कॉम•
भारत धर्मनिरपेक्ष, पर्यावरण के मुद्दे को दूसरा रंग न दें: HC
Krishna.Shukla@timesofindia.com

nमुंबई : बॉम्बे हाई कोर्ट ने अभिनेत्री दीया मिर्जा के पटाखे नहीं चलाने की अपील वाले विडियो पर राजनीतिक विवाद पर कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने दो टूक शब्दों में कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है। पर्यावरण के मुद्दे को किसी दूसरे रंग में नहीं रंगा जाना चाहिए।
पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाने वाले संदेश को राजनीतिक और धार्मिक विवाद का रंग देना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कोर्ट ने दिया मिर्जा का हटाया गया विडियो दोबारा सोशल मीडिया पर बहाल करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि हर कोई एक ही हवा में सांस ले रहा है, चाहे वह कोई भी हो। सार्वजनिक पदों पर बैठे लोगों से इस तरह के बयानों की अपेक्षा नहीं की जाती है।

कोर्ट में त्योहार के दौरान होने वाले ध्वनि और वायु प्रदूषण के मुद्दे पर सुनवाई चल रही है। कोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेकर सुनवाई शुरू की। पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए सिलेब्रिटीज की मदद लेने का निर्देश दिया था, जो त्योहारों में नागरिकों को इको फ्रेंडली सेलिब्रेशन का संदेश दे। इसके तहत बीएमसी ने मिर्जा की मदद ली थी। जस्टिस गिरिश कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की बेंच ने कहा कि कुछ लोगों, विशेषकर आम जनता का प्रतिनिधित्व करने वाले लोगों की संकीर्ण मानसिकता से हम आहत है। जनप्रतिनिधियों का इस तरह का रुख उचित नहीं है। इस मुद्दे को कोई राजनीतिक या धार्मिक रंग नहीं देना चाहिए। बेंच ने कहा कि बीएमसी कमिश्नर ने जागरूकता अभियान के लिए जिन हस्तियों का चयन किया था, वह बिल्कुल सही था,लेकिन इसके बजाय अनावश्यक मुद्दे खड़े किए गए। बेंच ने कहा कि समुदाय के प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान किया जाना चाहिए।

रेकमेंडेड खबरें