Dhirendra Shastris Comment On Ram krishna Political Uproar Continues Even After Apology
धीरेंद्र शास्त्री की राम-कृष्ण पर टिप्पणी, माफी के बाद भी सियासी विवाद जारी
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n आईएएनएस, नई दिल्ली
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री एक बार फिर विवादों में हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को उनका एक विडियो शेयर किया, जिसमें धीरेंद्र शास्त्री भगवान राम के बारे में विवादित टिप्पणी करते सुनाई दे रहे हैं। इस विडियो पर अखिलेश ने नाराजगी जताई और धीरेंद्र शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की। उन्होंने सवाल किया, यह सनातन विरोधी किसके कहने पर सक्रिय है।बागेश्वरधाम के पीठाधीश्वर का नाम लिए बिना उन्होंने लिखा, पहले भगवान कृष्ण के बारे में विवादित विडियो आया। अब भगवान राम के पिता के बारे में अभद्रता की बात प्रसारित हो रही है। सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के अपराध में इनके सभी कार्यक्रम रद्द किए जाएं। अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे।
बता दें कि धीरेंद्र शास्त्री इससे पहले भगवान कृष्ण को लेकर अपनी टिप्पणी के कारण विवादों में घिरे थे। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में श्री राम कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना वाला बयान दिया था। उन्होंने श्री कृष्ण के खड़े होने के अंदाज को 'टेढ़ा' बताया था। विडियो वायरल होने के बाद लोगों की भावनाएं आहत होने की बात कही गई और सियासी प्रतिक्रियाएं तेज हो गईं। बढ़ते विवाद के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने विडियो जारी करके माफी मांग ली थी।