Mosquitoes And Flies Found In Rasgullas In Greater Noida 400 Kg Sweets Destroyed
रसगुल्लों में पड़े थे मच्छर व मक्खी, 400 किलो नष्ट कराए
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
डीएम मेधा रूपम के दिशा-निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने दिवाली पर मिलावटी फूड आइटम बेचने वालों के खिलाफ दूसरे दिन मंगलवार को बड़ी छापेमारी की। इस बार विभागीय अधिकारियों ने 400 किलो खराब रसगुल्लों को नष्ट कराया। साथ ही 450 किलो बूंदी जब्त की है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सात जगह से सैंपल लेकर जांच के लिए लैब में भेजे है।सहायक खाद्य आयुक्त 2 सर्वेश मिश्रा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह व अमर बहादुर सरोज की टीम ने दनकौर स्थित सुंदर सिंह की मिठाई निर्माणशाला पर छापेमारी की। टीम ने छेना व रसगुल्ला के दो सैंपल लेकर लगभग 100 किलो रसगुल्ले नष्ट कराए। इनमें मक्खी, मच्छर मरे हुए दिखाई दे रहे थे। इसी टीम ने नोएडा सेक्टर 58 में सोनू मिठाई निर्माणशाला से बूंदी लड्डू का सैंपल लेकर लिया। उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार व विजय बहादुर पटेल ने नोएडा सेक्टर 62 स्थित सम्यक मिठाई निर्माणशाला से रसगुल्ला, बूंदी लड्डू एवं बूंदी का एक-एक सैंपल एकत्र किया। जबकि, 450 किलो लड्डू बनाने के लिए रखी बूंदी को सीज किया। वही, टीम ने 300 किलो मिठाई और रसगुल्ले गंदगी में रखे होने पर नष्ट कराया। निर्माण इकाई में गंदगी होने के कारण सुधार किए जाने तक लाइसेंस निलंबन की कारवाई करते हुए संचालन पर रोक लगा दी है। नोएडा गढ़ी चौखंडी स्थित गणेश स्वीट निर्माणशाला से बूंदी लड्डू का एक सैंपल एकत्र किया।