चोरी और स्नैचिंग के दो आरोपी अरेस्ट

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, नोएडा

नशे की लत पूरी करने के लिए दिल्ली-एनसीआर में बाइक चोरी कर चेन और मोबाइल स्नैचिंग करने वाले दो आरोपियों को सेक्टर-20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से चोरी की एक बाइक और 12 हजार 200 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने सेक्टर-27 में एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीनने की वारदात भी कबूल की है।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि देर रात सेक्टर-20 पुलिस टीम कैलाश अस्पताल के पास सेक्टर-27 कट पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अट्टा अंडरपास की तरफ से एक बाइक पर दो युवक आते दिखे। पुलिस टीम को देखकर उन्होंने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। उनकी पहचान गाजियाबाद के मोहन कॉलोनी निवासी अमित (23) और हर्षित शर्मा (19) के रूप में हुई। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की गई तो उन्होंने करीब 8-10 दिन पहले सुबह सेक्टर-27 में एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन छीनी थी। इसके बाद दोनों ने गाजियाबाद में एक राह चलते व्यक्ति को चेन 45 हजार रुपये में बेच दी थी। इसमें से कुछ रुपये शौक-मौज और नशे में खर्च कर दिए थे, जबकि बाकी बचे 12 हजार 200 रुपये पुलिस ने बरामद कर लिए।