सेवन एक्स एरिया में प्रदूषण नियंत्रण के लिए शिकायत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT रिपोर्ट, नोएडा

शहर में पहले से खराब वायु गुणवत्ता के बीच सेवन एक्स एरिया के लोगों ने नोएडा अथॉरिटी से प्रदूषण कंट्रोल के लिए शिकायत की है। सेक्टर-78, 77, 76 और आसपास के इलाकों में धूल और निर्माण कार्यों से निकलने वाला मलबा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। वेद वन पार्क, सेक्टर-101 मेट्रो स्टेशन और आसपास की सड़कों पर जगह-जगह निर्माण का मलबा जमा होने से प्रदूषण की समस्या गंभीर हो रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि इससे न केवल आम लोगों, बल्कि सुबह की सैर करने वालों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों की सेहत पर भी असर पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर निवासियों ने नोएडा प्राधिकरण के सीईओ को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्यों के दौरान ग्रीन बेल्ट व फुटपाथ भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं, सड़कों की नियमित सफाई नहीं होने से धूल उड़ती रहती है।