दूसरे राज्यों से गांजा लाकर बेचने के 2 आरोपी गिरफ्तार

नवभारतटाइम्स.कॉम•
2
nNBT रिपोर्ट, नोएडा

दूसरे राज्यों से ट्रेन के जरिए गांजा लाकर नोएडा और एनसीआर में सप्लाई करने वाले दो तस्करों को सेक्टर-24 पुलिस और एंटी नारकोटिक्स सेल ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, गांजे की सप्लाई होटल, यूनिवर्सिटी, कॉलेज, पीजी और झुग्गी-बस्तियों तक की जाती थी। इनसे 20 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। इसकी कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
एडीसीपी अभय कुमार मिश्र ने बताया कि रविवार रात लोकल इंटेलिजेंस और बीट पुलिसिंग की मदद से दोनों आरोपियों को एआरटीओ ऑफिस के पीछे गंदे नाले के पास से गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान अलीगढ़ के जवां थाना क्षेत्र के दाऊपुर गांव निवासी अजय कुमार (30) और बिहार के खगड़िया निवासी राजेश साह (50) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के एक सूटकेस की तलाशी ली तो उसमें बंडल बनाकर रखा गया गांजा मिला, जिसका कुल वजन 20 किलो 600 ग्राम निकला। इसके अलावा पुलिस को यात्रा से संबंधित टिकट की छायाप्रति भी मिली है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उड़ीसा, पश्चिम बंगाल के साथ अन्य राज्यों से ट्रेन के जरिए सस्ते दामों पर गांजा खरीदकर लाते थे। इसके बाद नोएडा और एनसीआर में एजेंटों के जरिए इसकी सप्लाई करते थे। गांजे को छोटी-छोटी पुड़िया में बांटकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता था। इस मामले में सेक्टर-24 थाने में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज किया गया है।