nNBT रिपोर्ट, नोएडा : शहर में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस को दी शिकायत में संभल निवासी अशोक ने बताया कि उनका बड़ा बेटा संदीप कुमार नोएडा के छलेरा सेक्टर-44 में किराये पर रहता था और रंगाई-पुताई का काम करता था। रविवार रात करीब 10 बजे डंपर मिक्सचर के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसे टक्कर मार दी। हादसे में संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरे मामले में गाजियाबाद के करहेड़ा निवासी अशोक दुबे ने बताया कि उनका 24 वर्षीय बेटा दीपांशु दुबे शनिवार रात करीब 9:30 बजे अपने दोस्त शिवम सोलंकी के साथ स्कूटी से घर लौट रहा था। दोनों सेक्टर-63 में काम खत्म कर घर जा रहे थे। चौराहे के पास एक कार के चालक ने लापरवाही से स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दीपांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त शिवम घायल हो गया।