चार मंजिला कंपनी में लगी आग, दमकलकी 25 गाड़ियों ने 10 घंटे में पाया काबू
चार मंजिला कंपनी में लगी आग, दमकलकी 25 गाड़ियों ने 10 घंटे में पाया काबू
नवभारतटाइम्स.कॉम•
nNBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-6 स्थित प्लास्टिक के फूल बनाने वाली चार मंजिला कंपनी में रविवार देर रात भीषण आग लग गई। आग बेसमेंट से इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी इमारत लपटों से घिर गई। ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर तक दिखाई देने लगा। इससे आसपास की कंपनियों में अफरातफरी मच गई। आग फैलने की आशंका को देखते हुए आसपास की कंपनियों को खाली करा लिया गया था। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने करीब 25 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई जनहानी नहीं हुई है।सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि रात एक बजे आग लगने की सूचना मिली थी। आग की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली, गाजियाबाद और हापुड़ से भी दमकल की गाड़ियां बुलाई गईं।
करीब 25 दमकल गाड़ियों की मदद से कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कंपनी में आर्टिफिशियल प्लास्टिक के फूल बनाए जाते हैं। इमारत में प्लास्टिक का सामान और अन्य सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग बेसमेंट समेत इमारत की चारों मंजिलों तक पहुंच गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की अलग-अलग टीमों को लगाया गया। करीब 10 घंटे तक चले अभियान के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दोबारा आग न भड़के, इसके लिए कूलिंग का काम किया गया।