शहर की तहजीब के पन्नों को फिर से पलटने की पहल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT न्यूज, लखनऊ: शहर की ऐतिहासिक और साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए नवल किशोर प्रेस के स्थापना दिवस पर सोमवार को 'नवल किशोर व्याख्यानमाला' का आगाज किया गया। 'ली प्रेस' और मुंशी नवल किशोर के परिवार की ओर से शुरू की गई यह वार्षिक व्याख्यानमाला साहित्य, इतिहास, भाषा, समाज और संस्कृति पर केंद्रित होगी। मुंशी नवल किशोर की परपोती और 'ली प्रेस' की संचालिका निम्मी दुबे ने बताया कि पुराने परिसर की ऐतिहासिक पहचान बरकरार रखते हुए इसका पुनरुद्धार किया गया है। साथ ही, मुंशी नवल किशोर और मुद्रण इतिहास पर आधारित एक संग्रहालय भी तैयार हो रहा है। मेटाफर लिटफेस्ट की कनक रेखा चौहान ने कहा कि मुंशी नवल किशोर ने ज्ञान को आम लोगों तक सुलभ बनाया।

'कल्चर बाजार' के किस्से : मेटाफर लखनऊ लिटफेस्ट के सहयोग से आयोजित पहली कड़ी में मुंबई के अधिवक्ता, लेखक और यूट्यूब चैनल 'कल्चर बाजार' के जरिए पुराने लखनऊ की परंपराओं को सहेज रहे महमूद मेहदी अब्दी ने व्याख्यान दिया। लखनऊ में पले-बढ़े अब्दी ने पुराने मोहल्लों व रहन-सहन के किस्सों से समां बांधा और दर्शकों के सवालों के जवाब दिए।