वकीलों का आपराधिक इतिहास देख हाई कोर्ट स्तब्ध

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
nNBT न्यूज, लखनऊ: कैसरबाग स्थित जिला कोर्ट परिसर में वादकारी और दिल्ली से आए उसके अधिवक्ताओं से मारपीट के मामले में हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस के खुफिया विभाग की ओर से सौंपी गई सीलबंद रिपोर्ट देखने के बाद कोर्ट ने टिप्पणी की कि इससे 'बहुत ही दुखद तस्वीर सामने आ रही है।'

न्यायमूर्ति राजन रॉय व न्यायमूर्ति मंजीव शुक्ला की पीठ ने स्वतः संज्ञान जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए आरोपित वकीलों सौरभ कुमार वर्मा, हर्षित पांडेय उर्फ यश पांडेय और अभय प्रताप वर्मा से आयकर रिटर्न, चल-अचल संपत्ति, व्यवसाय और पिछले पांच वर्षों में संपत्तियों की खरीद-फरोख्त का पूरा ब्योरा शपथ पत्र के साथ तलब किया है। तीनों के जेल में होने के कारण कोर्ट ने जेल प्रशासन को मैनुअल के मुताबिक शपथ पत्र तैयार कराने के लिए उनके वकीलों से मुलाकात कराने का भी निर्देश दिया है। अगली सुनवाई 27 नवंबर को होगी।
82 वकीलों की सूची तलब

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने आपराधिक इतिहास वाले 225 वकीलों की सूची पेश की। इस पर पीठ ने कहा कि इसमें एक मुकदमे या छोटे मामलों का सामना कर रहे वकीलों के भी नाम हैं, जो किसी के खिलाफ भी दर्ज हो सकते हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि उसे गंभीर अपराधों और जमीन-संपत्तियों पर कब्जा करने वाले वकीलों की जानकारी चाहिए। इस पर सरकार की ओर से बताया गया कि 13 ऐसे वकील हैं जिनका लंबा आपराधिक इतिहास है, जबकि 82 ऐसे वकीलों की पहचान की गई है जो जमीन-संपत्ति कब्जाने में शामिल रहते हैं। कोर्ट ने इन सभी की सूची प्रस्तुत करने का आदेश दिया है।