पहले पढ़ाई में बनो ‘प्रिंस’, क्रिकेट में एडमिशन भी हो जाएगा: सीएम

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : क्रिकेटर बनने का सपना देखने वाले गोंडा के इटियाथोक के कक्षा-8 के छात्र प्रिंस साहू को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पढ़ाई और खेल के बीच संतुलन बनाने की सलाह दी।

सोमवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जनता दर्शन में आर्थिक सहायता और क्रिकेट कोचिंग में दाखिले की गुहार लेकर पहुंचे प्रिंस से योगी ने अभिभावक की तरह बातचीत की। करीब चार-पांच मिनट तक उसकी काउंसलिंग करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, 'बेटा, तुम्हारा नाम प्रिंस है, इसलिए खूब पढ़-लिखकर प्रिंस बनो। हम तुम्हारा क्रिकेट में भी एडमिशन करवा देंगे।' जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी फरियादियों से मुलाकात की और उनके प्रार्थना पत्र लेकर समस्याएं सुनीं। पुलिस, राजस्व, शिक्षा और बिजली समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर मौके पर मौजूद अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे जरूरतमंदों को मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि पैसे के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा।