अब ज़मीन तलाशने की तैयारी

नवभारतटाइम्स.कॉम•
Navbharat Times
Gyaneshwar.prasad

@timesofindia.com
लखनऊ : सामाजिक परिवर्तन मोर्चा (एआईएआईएम-आजाद समाज पार्टी एलाइंस) अब आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए जमीन तलाशने के लिए तैयार है। दोनों पार्टियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट हो चुके हैं। इसके लिए पार्टी के पदाधिकारी खास स्ट्रेटजी तैयार कर रहे हैं। मोर्चे का मंथन 14 नवंबर को मेरठ में हुआ और लखनऊ में 26 को आयोजित रैली में दोनों पार्टियों की ताकत दिखेगी।

एआईएआईएम और आजाद समाज पार्टी ने मिलकर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया है। एआईएआईएम और असदुद्दीन ओवैसी की मुस्लिमों में अच्छी साख है तो आजाद समाज पार्टी से दलित वोटरों का बड़ा तबका जुड़ा है। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद को यूपी का सीएम फेस घोषित किया है। अब दोनों पार्टियां एकजुट होकर जनसभाओं से लेकर रैलियों के लिए स्ट्रेटजी बना रही हैं, जिसमें दोनों पार्टियों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मुस्लिम व दलित वोट बैंक को मोर्चे में लाने का प्रयास करेंगे।

यह पहला नेचुरल पॉलिटिकल अलाइंस है : एआईएआईएम के प्रवक्ता शादाब का कहना है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा देश का पहला नेचुरल पॉलिटिकल अलाइंस है। यह मोर्चा दलित-मुस्लिमों के अलावा समाज के हर शोषित वर्ग की लड़ाई लड़ेगा। पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता आगामी दिनों में घर-घर जाएंगे और लोगों को पार्टी की नीतियों से अवगत करवाएंगे। लखनऊ में 26 नवंबर को आयोजित रैली में एआईएआईएम व आजाद समाज पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल होंगे।

दलों ही नहीं दिलों का है मिलन : आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा दो राजनीतिक दलों ही नहीं दिलों का भी मिलन है। इस मोर्चे के बनने से केवल दो दल ही करीब नहीं आए हैं, बल्कि समाज का वंचित व शोषित तबका एक साथ आया। पार्टी के पदाधिकारी मसूद अहमद का कहना कि मोर्चे के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकजुट होकर जमीन पर उतरेंगे। हर शहर, कस्बे व गांव में जाएंगे और नई जमीन तैयार करेंगे। इसके लिए मोर्चे के पदाधिकारी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

बीजेपी विरोधी हर पार्टी का स्वागत : दोनों पार्टियों के प्रवक्ताओं का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनाव में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा हर उस पार्टी का स्वागत करेगा, जो बीजेपी को हराने के लिए आगे आएगी। एआईएआईएम प्रवक्ता का कहना है कि अगर कांग्रेस व सपा भी मोर्चे में शामिल होना चाहेगी तो उनके नेताओं का भी स्वागत है। मोर्चे का उद्देश्य प्रदेश को अच्छी सरकार देना है। मेरठ और लखनऊ के बाद मोर्चा पूरे प्रदेश में जीत के लिए जमीन मजबूत करेगा।