विदेश से MBBS करने वालों को मिलेंगे तीन मौके?

Contributed by: ranvijay.singh1|नवभारतटाइम्स.कॉम•

None

mbbs
n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स (FMG) की स्क्रीनिंग के नियमों में बदलाव की कवायद शुरू कर दी गई है। इसके मुताबिक FMG के लिए साल में दो के बजाय तीन बार स्क्रीनिंग का मौका देने का प्रस्ताव है। इसके अलावा इंटर्नशिप में स्टाइपेंड को एक समान करने और बायोमीट्रिक करवाने के लिए एक्स्ट्रा समय देने समेत कई बदलावों पर आपत्ति और सुझाव मांगे गए हैं। यूपी मेडिकल काउंसिल के सूत्रों के मुताबिक एनएमसी की तरफ से इसके लिए 30 दिन का समय दिया गया है। इस बीच यूपी मेडिकल काउंसिल ने FMG की काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिया है।

यूपी मेडिकल काउंसिल के नियमों के मुताबिक FMG के लिए उस देश की रेगुलेटरी बॉडी में रजिस्ट्रेशन या वहां प्रैक्टिस का लाइसेंस होना अनिवार्य है, जहां से उसने एमबीबीएस किया है। यह लाइसेंस उस देश के नागरिकों को मिलने वाले लाइसेंस के बराबर होना चाहिए। एनएमसी ने इस बिंदु पर भी बदलाव पर आपत्ति सुझाव मांगा है। नए प्रस्ताव में इस लाइसेंस की समकक्षता और लाइसेंस देने की पात्रता से जुड़ी भाषा हटाकर संबंधित देश की रेगुलेटरी बॉडी में रजिस्ट्रेशन को शर्त के तौर पर शामिल करने की बात कही गई है।
यूपी में FMG की काउंसलिंग शुरू, सीट आवंटन 8 दिसंबर को : यूपी में विदेश से मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों (FMG) के लिए इंटर्नशिप काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। यूपी मेडिकल काउंसिल ने नवंबर-2026 काउंसलिंग का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत इच्छुक अभ्यर्थी 25 नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और काउंसलिंग फीस जमा कर सकेंगे। अभ्यर्थियों को मूल दस्तावेज, पासपोर्ट और NBE/FMGE स्क्रीनिंग टेस्ट पास प्रमाणपत्र के साथ यूपी मेडिकल काउंसिल में सत्यापन करवाना होगा। इसके लिए 26 नवंबर तक अलग-अलग तारीखों में उपस्थित होने का मौका दिया गया है। दस्तावेज में संशोधन के लिए 27 नवंबर तक करेक्शन विंडो खुली रहेगी। काउंसिल कार्यक्रम के मुताबिक 30 नवंबर को मेरिट लिस्ट जारी होगी। 30 नवंबर से 6 दिसंबर तक चॉइस फिलिंग होगी। आठ दिसंबर को सीटों का आवंटन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को आठ से 19 दिसंबर तक आवंटित कॉलेज में रिपोर्ट करना होगा।