इम्यूनोथेरपी का कितना असर? जानने की तकनीक विकसित करेगा SGPGI

नवभारतटाइम्स.कॉम•
sgpgi
n NBT न्यूज, लखनऊ

ब्रेन कैंसर के मरीजों पर कौन-सा इलाज असर करेगा और ट्यूमर पर इम्यूनोथेरपी का कितना प्रभाव पड़ रहा है, इसका पता लगाने के लिए SGPGI के विशेषज्ञ नई तकनीक विकसित करने जा रहे हैं। इसमें रेडियोऐक्टिव ट्रेसर की मदद से PET स्कैन के जरिए ब्रेन कैंसर की पहचान और इलाज के प्रति ट्यूमर की प्रतिक्रिया का आकलन किया जाएगा। इसके लिए भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद ( ICMR ) ने संस्थान को 5.40 करोड़ रुपये का शोध अनुदान दिया है।
यह शोध ग्लियोब्लास्टोमा पर केंद्रित होगा। यह ब्रेन कैंसर का बेहद आक्रामक प्रकार है। प्रॉजेक्ट का नेतृत्व न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के प्रो. मनीष दीक्षित और प्रो. पीके प्रधान करेंगे। टीम में मॉलिक्यूलर मेडिसिन ऐंड बायोटेक्नॉलजी विभाग के डॉ. लोकेंद्र शर्मा और न्यूरोसर्जरी विभाग के डॉ. वेद प्रकाश मौर्य भी शामिल हैं।