सिर्फ एक दिन तक ही सीमित न रहे स्वच्छता अभियान: CM

नवभारतटाइम्स.कॉम•
cleanliness campaign not just for one day but a habit cm rekha gupta
n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत उनकी कैबिनेट के साथियों ने ‘एक दिन, एक घंटा’ श्रमदान के तहत गुरुवार को स्वच्छता अभियान चलाया। सीएम ने जहां कमला नेहरू रिज में डीयू के विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों के साथ श्रमदान कर सफाई अभियान में हिस्सा लिया, वहीं पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने प्राचीन हनुमान मंदिर में और श्रम मंत्री कपिल मिश्रा ने 103 RAF बटालियन द्वारा तुकमीरपुर में चलाए गए स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया।
इस मौके पर सीएम ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या किसी अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह सामूहिक जिम्मेदारी और नियमित आदत बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि सुबह 8 से 9 बजे तक दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हजारों लोगों ने स्वच्छता समेत विभिन्न सेवा कार्यों में भाग लिया। उन्होंने कहा कि एक घंटे का श्रमदान तभी सार्थक होगा, जब उसके बाद पूरे वर्ष स्वच्छता बनाए रखने की आदत कायम रहे।

रेखा गुप्ता ने कहा कि सफाई कर्मचारियों और संबंधित एजेंसियों की जिम्मेदारी है कि सार्वजनिक स्थानों पर नियमित सफाई सुनिश्चित करें, लेकिन सफाई बनाए रखना नागरिकों का भी दायित्व है। सड़क, पार्क, बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की आदत जरूरी है।

‘आसपास स्वच्छता रखने का लेना होगा संकल्प’ : प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि एक दिन, एक घंटा, एक साथ के मंत्र के साथ स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना है। अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लेना होगा, तभी हम स्वच्छ, सुंदर एवं समृद्ध भारत का निर्माण कर सकेंगे।