पेड़ से टकराया ट्रक, चालक की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम•
truck collides with tree driver dies crushed under iron structure
n NBT न्यूज, सोहना

पलवल रोड पर गांव सिलानी के पास गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। हादसे में ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक का सिर व छाती लोहे के भारी स्ट्रक्चर के बीच बुरी तरह कुचल गए। चालक की पहचान यूपी के कन्नौज के गांव बहादुरपुर निवासी विकास कुमार (30) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास पिछले काफी समय से ट्रक चलाने का काम करता था। वह पिलखुवा से ट्रक में लोहे के बड़े स्ट्रक्चर सोहना-पलवल मार्ग से गुजर रहा था। सिलानी के पास ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गया। टक्कर से ट्रक में रखे भारी लोहे के स्ट्रक्चर आगे की ओर खिसक गए और केबिन को तोड़ते हुए विकास को अपनी चपेट में ले लिया। लोहे के स्ट्रक्चर और केबिन के बीच फंसने के कारण चालक का सिर और छाती बुरी तरह कुचल गए और उनकी मौत हो गई। जांच अधिकारी ASI सोएब ने बताया की बपुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के असंतुलित होने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।