डिलिवरी देकर लौट रहे युवक की हादसे में मौत, दो दोस्त घायल

नवभारतटाइम्स.कॉम•
delivery boys tragic death speeding car hits bike two friends critically injured
nNBT न्यूज, लखनऊ : कैंट में बुधवार देर रात ऑनलाइन डिलिवरी का काम पूरा कर घर लौट रहे अनुराग गुप्ता (21) की सड़क हादसे में मौत हो गई। रजमन बाजार चौकी के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में सामने से टक्कर मार दी। बाइक पर सवार उनके दोस्त विशाल और हेमंत भी घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में अनुराग को ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों दोस्तों का इलाज चल रहा है।

अर्जुनगंज निवासी अनुराग की कॉस्मेटिक की दुकान थी। वह ऑनलाइन सामान की डिलीवरी भी करते थे। बुधवार रात 12:30 बजे वह दोस्तों के साथ बाइक से निकले थे। तभी कार ने सामने से टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक तीनों एक ही बाइक पर सवार थे। अनुराग ने हेलमेट भी नहीं लगाया था।