नंबर प्लेट से छेड़छाड़ कर बेधड़क दौड़ा रहे वाहन

नवभारतटाइम्स.कॉम•
number plate tampering vehicle owners adopting new tricks to avoid cctv traffic police action continues
-बिना नंबर प्लेट दौड़ा रहे गाड़ियां, बैक साइड की नंबर प्लेट भी मिलती है गायब

- जाति के शब्द लिखवाने और ट्रिपल राइडिंग के भी आ रहे हैं मामले
NBT रिपोर्ट, गुड़गांव

शहर में ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के भले ही ट्रैफिक पुलिस चालान कर रही हो, लेकिन वाहन चालक फिर भी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। इन दिनों मैनुअल के अधिक सीसीटीवी से चालान हो रहे हैं। सीसीटीवी से बचने के लिए लोग आए दिन नया जुगाड़ अपना रहे हैं। कोई बिना नंबर प्लेट गाड़ी दौड़ा रहा है तो किसी ने नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करते हुए एक डिजिट छिपा दी है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की ओर से बिना सिक्यॉरिटी नंबर प्लेट और बिना नंबर प्लेट वाहन चालकों के चालान के लिए ड्राइव चला रही है।

सितंबर में ट्रैफिक पुलिस की ओर से बिना नंबर प्लेट और बिना सिक्यॉरिटी नंबर प्लेट के 514 वाहन चालकों के चालान किए। एनबीटी को पिछले दो दिनों में शहर में कई वाहन इस तरह के मिले, जो नियमों की अनदेखी कर रहे थे। न्यू कॉलोनी मोड़ पर एक सफेद रंग की फॉरच्यूनर में पीछे की साइड नंबर प्लेट नहीं थी। इसके अलावा ब्लैक कलर की ब्रेजा चार आठ मरला में बिना नंबर के मिली। सेक्टर-15 में झाड़सा चौक के निकट बिना नंबर की सफेद रंग की ब्रेजा बिना नंबर की मिली। बसई चौक पर बाइक पर नंबर नहीं था। पटौदी रोड पर एक दुपहिया वाहन की नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की हुई थी। ट्रिपल राइड तो यहां पर आम बात है। पिछले सप्ताह ट्रिपल राइडिंग के 402 चालान किए गए।

---

बिना नंबर प्लेट और बिना सिक्यॉरिटी नंबर प्लेट के वाहन चालकों के खिलाफ ड्राइव जारी है। ट्रैफिक निमय तोड़ने वाले हर वाहन चालक पर एक्शन होता है। इस दौरान वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक भी किया जाता है।

-सत्यपाल यादव, एसीपी ट्रैफिक