Congress Should Accept Defeat Stop Blaming Others Dhankhar
कांग्रेस अपनी हार को स्वीकारे, दूसरों पर दोष न मढ़े : धनखड़
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n NBT न्यूज, झज्जर
बीजेपी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के चुनाव में वोट चोरी के लगाए जा रहे आरोपों पर चुटकी लेते हुए कहा कि कांग्रेस जब तक अपनी हार स्वीकार नहीं करेगी, तब तक उसकी जीत का अभियान शुरू नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हार की जिम्मेदारी खुद लेने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर डालने का प्रयास करती है, ताकि उसके कार्यकर्ता निराशा में न डूबें।धनखड़ झज्जर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग और विपक्ष के बीच चल रहे विवाद को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। धनखड़ ने कहा कि चुनाव आयुक्त का पद संवैधानिक है और किसी के मांगने मात्र से संवैधानिक अधिकारी इस्तीफा नहीं देता। धनखड़ ने कहा कि चुनाव आयोग की ‘छलनी’ से कांग्रेस के बांग्लादेशियों के वोट के लालच की कहानी टूट गई है।
बयान को माना जा रहा पलटवार: धनखड़ के इस बयान को कांग्रेस के चुनावी आरोपों पर सीधा राजनीतिक पलटवार माना जा रहा है। धनखड़ ने नेहरू कॉलेज में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण ऑनलाइन देखने के कार्यक्रम की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्पष्ट संदेश है कि संकल्प लेकर आगे बढ़ें कि हम कर सकते हैं और करेंगे।