Dating App Fraud Of Lakhs Woman Living Luxury Life Arrested
लाखों रुपये ऐंठ लग्ज़री लाइफ जी रही थी युवती
नवभारतटाइम्स.कॉम•
Surender.singh @Timesofindia.com
n गुड़गांव: डेटिंग ऐप से लाखों रुपये की ठगी के आरोप में गिरफ्तार की गई युवती लग्जरी लाइफ जी रही थी। उसने शहर के पॉश एरिया में एक महंगा फ्लैट किराये पर लिया हुआ था। पीड़ित के साथ वह पिछले दो साल से रिलेशन में थी। दोनों डेटिंग ऐप के माध्यम से ही एक-दूसरे से मिले थे। युवक के शादीशुदा होते हुए रिलेशनशिप में होने का फायदा आरोपी युवती ने उठाया। वह पिछले दो साल से पीड़ित से रकम ऐंठ रही थी। पीड़ित युवती के मांगने पर जब भी उसे कैश में रुपये देता था, वह अपने दो बैंक अकाउंटों में रकम जमा करवा देती थी। इसके अलावा पीड़ित ने अपने कई दोस्तों से 20 लाख से अधिक रुपये लेकर आरोपी युवती के बैंक अकाउंटों में ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए थे।एसीपी नवीन शर्मा ने बताया कि आरोपी 24 वर्षीय सूर्यादीता दास दो दिन के रिमांड के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वह जिस इंश्योरेंस कंपनी में काम करती थी, वहां हर माह 60 हजार रुपये सैलरी पाती थी। उसकी लग्जरी लाइफ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है वह सुशांत लोक जैसे पॉश एरिया में 30 हजार रुपये किराये के फ्लैट में अकेले रहती थी। वह हमेशा ब्रैंडेड कपड़े, घड़ी और महंगे फोन रखती थी।
दो साल से पीड़ित के संपर्क में थी युवती : आरोपी युवती दो साल से पीड़ित के संपर्क में थे। उसने पीड़ित से करीब 75 लाख रुपये दो साल के दौरान ले लिए थे। पीड़ित ने उसके डिमांड करने पर हमेशा उसे रुपये दिए। वह अपनी शादीशुदा जिंदगी में किसी प्रकार की दिक्कत इस रिलेशन के कारण न हो, इसके चलते किसी प्रकार का सबूत नहीं देना चाहता था। उसने अपने दोस्तों से 20 लाख रुपये से अधिक की रकम आरोपी महिला के यस और एसबीआई के अकाउंट में जमा करवाई थी।