Gurgaon farrukhnagar jhajjar Road To Be Revamped Journey To Be Comfortable
गुड़गांव से फर्रुखनगर-झज्जर जाने वालों का सफर होगा आरामदायक
नवभारतटाइम्स.कॉम•
n तरुण तायल, गुड़गांव
मिलेनियम सिटी से फर्रुखनगर और झज्जर की तरफ रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने गुड़गांव-फर्रुखनगर-झज्जर रोड (स्टेट हाइवे-15A) के तीन हिस्सों को दुरुस्त करने की योजना बनाई है। करीब 1.1 किमी लंबे इन हिस्सों में सड़क को मजबूत करने के साथ सीमेंट कंक्रीट पेवमेंट (CCP) का काम किया जाएगा।इस पूरे काम पर करीब 3.76 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत पहला हिस्सा 400 मीटर लंबा, दूसरा 450 मीटर लंबा और तीसरा 250 मीटर लंबा है। तीनों को मिलाकर करीब 1.1 किमी सड़क पर काम किया जाएगा।
रोज़ आने-जाने वाले लोगों को फायदा: गुड़गांव-फर्रुखनगर-झज्जर रोड का इस्तेमाल आसपास के गांवों के लोग गुड़गांव आने-जाने के लिए करते हैं। इसके अलावा कर्मचारी, स्टूडेंट्स, व्यापारी और मालवाहक वाहन भी इस मार्ग पर निर्भर हैं। सड़क में सुधार होने से वाहन चालकों को सफर के दौरान होने वाली परेशानी कम होगी।
गांवों से कनेक्टिविटी सुधरेगी: सड़क सुधार का फायदा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को भी मिलेगा। बेहतर सड़क होने से लोगों के लिए गुड़गांव के बाजारों, कार्यालयों, स्कूल-कॉलेजों और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। इससे गुड़गांव और फर्रुखनगर क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।
सुगम होगा आवागमन: PWD विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुड़गांव-फर्रुखनगर-झज्जर रोड के तीन हिस्सों को मजबूत करने की योजना बनाई गई है। करीब 3.76 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले इस काम का उद्देश्य सड़क की गुणवत्ता और मजबूती बढ़ाना है, ताकि लोगों को लंबे समय तक बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।